दिल्ली की जनता केजरीवाल वाला काम कराने के लिए केजरीवाल को ही चुनेगी: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (20 नवंबर 2024): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नॉर्थ वेस्ट और वेस्ट दिल्ली के मंडल प्रभारियों और अध्यक्षों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता उन पर भरोसा करती है और उनके द्वारा किए गए काम के कारण ही उन्हें वोट देती है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा उनकी योजनाओं की नकल कर वोट मांग रही है, लेकिन लोगों को “नकलची” पसंद नहीं आएंगे।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में उनकी आधी सरकार है और बाकी आधी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बीते 10 सालों में बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, सीसीटीवी, सड़कें और सीवर जैसी कई सुविधाएं दी हैं, जबकि भाजपा ने अब तक कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है।

उन्होंने भाजपा के मेयर चुनाव में जोर लगाने के बावजूद हारने का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान का आशीर्वाद उनके साथ है और इसी वजह से उनकी पार्टी ने तीन वोट से जीत हासिल की। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को चेताया कि आगामी चुनावों में भाजपा सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

केजरीवाल ने अपनी “6 फ्री रेवड़ी” योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 24 घंटे बिजली, मुफ्त पानी, सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाया, मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए, बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा और महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त की है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के किसी भी राज्य में ऐसी सुविधाएं नहीं मिलती।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई नया एजेंडा नहीं है और केवल “केजरीवाल हटाओ” की राजनीति कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर बूथ पर मेहनत करें और 70 में से 70 सीटें जीतकर पार्टी को फिर से सत्ता में लाएं।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल को विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। दिल्ली की विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS INDIA यूट्यूब चैनल’ को ज़रूर सब्सक्राइब करे।