दिल्ली में ठंड का कहर जारी, घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें लेट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 जनवरी 2024): दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं आज शुक्रवार सुबह को राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर और घना कोहरा देखने को मिला। कोहरे के कारण विज़िबिलिटी कम हो गई। इसका असर ट्रेन और उड़ान यातायात पर देखने को मिला। वहीं आज घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसके वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में आज शुक्रवार को न्यूनतम तपमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने 13 जनवरी तक बेहद घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। फिर 14 से 15 जनवरी को घना कोहरा और इसके बाद मध्यम कोहरा रहने के संभावना जताए गए हैं। वहीं दिल्ली के तापमान में भी मामूली बदलाव की संभावना है और शीतलहर से राहत की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के पालम में आज न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तो वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.9, लोधी रोड में 3.6, रिज में 5.4 और आयानगर में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।