70 साल पर भारी है पिछले 9 साल का विकास: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 दिसंबर 2023): केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने आज प्रेस वार्ता करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 70 साल पर भारी है पिछले 9 साल का विकास। अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के स्वास्थ्य लाभों के बारे में बातचीत की। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना 23 सितंबर, 2018 को शुरू की गई थी।

केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ रहे, इस उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए यह सरकार प्रतिबद्ध है। उसी प्रतिबद्धता की दृष्टि से भारत सरकार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है और गुणात्मक तरीके से उसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार द्वारा विश्व का सबसे बड़ा स्वास्थ्य कार्यक्रम पीएम जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत शुरू किया गया है। इस योजना के माध्यम से सुदूरवर्ती क्षेत्र के गांवों में रहने वाले और देश के हर आम आदमी को इस योजना का लाभ मिल रहा है। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि जन आरोग्य मंदिर के माध्यम से आम नागरिक के लिए स्क्रीनिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि ये 1.37 लाख से अधिक केंद्र बहुत अच्छी तरह से चल रहे हैं और इससे बहुत बड़ी संख्या में, खासकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। आज देश भर में 20 AIIMS काम कर रहे हैं और 3 निर्माणाधीन हैं। वहां शोधकार्य हो रहे हैं और चिकित्सा की सर्वोत्तम सुविधाएं मिल रही हैं। सिकल सेल एनीमिया की समस्या को 1956 में पहली बार देखा गया था, लेकिन इसपर किसी ने ध्यान नहीं दिया।अब 7.50 करोड़ लोगों का हेल्थ प्रोफाईल बनाकर सिकल सेल एनीमिया को समूल नष्ट करने का कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

इन 7.50 करोड़ में से अभी तक 90 लाख लोगों का डाटा बनाया जा चुका है, जिसमें से 16 लाख ऐसे हैं जिन्हें बीमारी है या वो इसके कैरियर हैं। उनका प्रोफाईल बनाकर इसका ध्यान रखा जा रहा है कि उनकी आने वाली पीढ़ी को इस समस्या का सामना न करना पड़े। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में ‘फिट इंडिया’ आंदोलन न केवल स्वस्थ परिवारों को सुनिश्चित करने में, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है! देश के युवाओं को ‘#FitIndia’ के इस आह्वान पर दृढ़ता से ध्यान देना चाहिए। ‘विकसित भारत’ के निर्माण का सपना स्वस्थ जीवन, फिट जीवन सुनिश्चित करने के मार्ग से ही साकार किया जा सकता है।।