समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बोला जोरदार हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 दिसंबर 2023): आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है। सियासी पार्टियों के बीच आरोप- प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है।

मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के राज में गरीब जनता पर केवल अत्याचार हो रहे हैं और प्रदेश की दुर्दशा हो रही है। बीजेपी सरकार के राज में प्रदेश के किसान,‌ व्यापारी, गरीब जनता के साथ सभी लोग परेशान हैं‌‌। क्योंकि बीजेपी के शासन में उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिलता है। सड़कों पर आवारा सांड घूम रहे। खेती किसानी मुश्किल हो चुकी है। महंगाई के कारण आम आदमी परेशान है। चारों तरफ अव्यवस्था और अराजकता है। गुंडागर्दी और अपराध अपने चरम पर हैं। साथ ही व्यापारी और कामकाजी लोग परेशान हैं। आगे उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ टैक्स/चालान वसूली कर रही है।‌ जनता पर ध्यान नहीं दे रही है। अगर बात विकास की करें तो बीजेपी के राज में चौराहे और सड़कें जाम रहता है और साथ ही सड़के गड्ढों से भरपूर हैं। हर सरकारी संस्थान/कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। क्योंकि पुलिस अपराध रोकने के बजाय खुद अपराध कर रही है। क्या योगी/भाजपा सरकार का यही विकास और ट्रिलियन डॉलर इकॉनोमी का मॉडल है ?

मीडिया ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से पूछा कि क्या 2024 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी बसपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगी? इसपर अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में क्या होगा किस तरह की रणनीति बनेगी। ये कोई बड़ा सवाल नहीं है सवाल बड़ा यह है कि बीजेपी जो बेरोजगारी की गारंटी दे रहे हो, जो महंगाई की गारंटी दे रहे हैं। ये जो चरम सीमा पर न्याय बीजेपी सरकार में हो रहा है। जिस तरह का अत्याचार बीजेपी सरकार के राज्य में हो रहा है किसी गरीब की कोई सुनवाई नहीं है।।