मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद विष्णु देव साय ने कर दिया बड़ा ऐलान, जानें बतौर सीएम सबसे पहले क्या करेंगे साय?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 दिसंबर 2023): भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। आदिवासी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साई छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। विष्णु देव साय आदिवासी समाज के बड़े नेता माने जाते हैं और वे छत्तीसगढ़ के कुनकुरी से विधायक हैं।

छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने पर विष्णु देव साय ने कहा कि “आज, मुझे सर्वसम्मति से विधान सभा के नेता के रूप में चुना गया है। मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभारी हूं।”

विष्णुदेव साय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “मैं पूरी ईमानदारी से ‘सबका विश्वास’ के लिए काम करूंगा और ‘मोदी की गारंटी’ के तहत छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पूरे करूंगा। राज्य के सीएम के तौर पर हम वादों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। पहला काम लोगों को 18 लाख आवास देना होगा।”

विष्णुदेव साय को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और आरएसएस का करीबी माना जाता है। उन्होंने सरपंच से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। वह 1990 से लेकर 1998 तक मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। विष्णुदेव साय 1999 में 13वीं लोकसभा के लिए रायगढ़ से निर्वाचित हुए थे। उन्‍हें 2006 में छत्तीसगढ़ में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वह केंद्र में राज्‍य मंत्री भी रह चुके हैं। साथ ही वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य भी रहे हैं।

बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा की 90 सीटों में से 54 सीटें जीत दर्ज कर कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया। तो वहीं कांग्रेस को 35 सीटों पर जीत मिली है। इस हार के बाद भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।