कौन हैं विष्णु देव साय?, बनेंगे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री | केंद्र में रह चुके हैं मंत्री

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 दिसंबर 2023): छत्तीसगढ़ में नए मुख्‍यमंत्री का नाम साफ हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्‍यमंत्री होंगे। विष्णु देव साय आदिवासी समाज के बड़े नेता माने जाते हैं और छत्तीसगढ़ के कुनकुरी से विधायक हैं।

विष्णुदेव साय को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और आरएसएस के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने सरपंच से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। वह 1990 से लेकर 1998 तक मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। विष्णुदेव साय 1999 में 13वीं लोकसभा के लिए रायगढ़ से निर्वाचित हुए थे। उन्‍हें 2006 में छत्तीसगढ़ में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वह केंद्र में राज्‍य मंत्री भी रह चुके हैं। साथ ही वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य भी रहे हैं।

बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा की 90 सीटों में से 54 सीटें जीत दर्ज कर कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया। तो वहीं कांग्रेस को 35 सीटों पर जीत मिली है। इस हार के बाद भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।