नेहरू को लेकर अमित शाह के बयान पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी बोले- ‘अगर हिम्मत है तो आप PoK लाकर दिखाइए’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07 दिसंबर 2023): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा में जम्मू और कश्मीर आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2023 और जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा के दौरान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (Pok) की समस्या के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर निशाना था। तो वहीं अब पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर राजनीति गरमा गई है। उनके इस बयान पर विपक्षी पार्टियां उनकी आलोचना कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो आप PoK छीनकर लाकर दिखाइए।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि “यह कोई छोटा(PoK) मामला नहीं है, इसपर दिन भर सदन में चर्चा होनी चाहिए। 2019 में जब 370 हटाया गया तब अमित शाह ने PoK, सियाचिन को लेकर कहा कि उसे वापस लाया जाएगा। PoK को वापस लाने में भाजपा पार्टी और इन्हें(प्रधानमंत्री-गृह मंत्री) किसने रोका? अगर हिम्मत है तो आप PoK छीनकर लाकर दिखाइए, जो काम कांग्रेस नहीं कर पाई आप करके दिखाइए।”

दरअसल बुधवार को लोकसभा में जम्मू और कश्मीर पर दो विधेयकों पर बहस के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर जमकर निशाना साधते हुए कहा था कि “पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के फैसले के कारण दो गलतियां हुईं, जिसके कारण कश्मीर को कई वर्षों तक नुकसान उठाना पड़ा। पहला है युद्धविराम की घोषणा करना जब हमारी सेना जीत रही थी, सीजफायर लगाया गया। अगर तीन दिन बाद सीजफायर होता तो पीओके आज भारत का हिस्सा होता। दूसरा है अपने आंतरिक मुद्दे को यूएन में ले जाना।”