नाटकीय ढंग से अपने ही भतीजे से खुद पर चलवाई गोली, पूरा मामला जानकर चौंक जाएंगे आप!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 नवंबर 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल यहां 43 वर्षीय एक व्यक्ति ने कर्जदाताओं को फंसाने के लिए अपने ही भतीजे से खुद पर गोली चलवा ली। पुलिस ने 43 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने दी है।

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:13 बजे, उत्तरपूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके के ताहिरपुर में गोलीबारी की घटना के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि न्यू सीमापुरी के रहने वाले सुंदर को दाहिनी बांह पर ऊपर बंदूक की गोली लगी थी। अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर .315 बोर का एक खाली खोखा मिला है। उनके साथ उनका भतीजा हिमांशु (19) भी मौजूद था। पीड़ित और उसके भतीजे के अनुसार, वे ताहिरपुर स्थित कृषि भूमि पर मछली के तालाब में मछली को खाना खिला रहे थे, तभी एक व्यक्ति आया और गाली-गलौज करने के बाद सुंदर को पीछे से गोली मार दी।

पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि “सुंदर को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।” जांच के दौरान पता चला कि सुंदर पर कुछ लोगों का पैसा बकाया था और वह उन्हें गोलीबारी की घटना में फंसाने की कोशिश कर रहा था।

डीसीपी ने कहा कि “पूछने पर उसका भतीजा टूट गया और उसने स्वीकार किया कि उसने साजिश के तहत अपने चाचा पर गोली चलाई थी। उसने घटना को पुख्ता करने के लिए घटनास्थल पर एक खाली खोखा रख दिया था। गोली चलाने के बाद उसने कट्टा तालाब में फेंक दिया था। तालाब से एक कट्टा बरामद किया गया है, जिसके अंदर एक खाली खोल था।”

डीसीपी ने आगे कहा कि “मामले में सुंदर और हिमांशु दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरों को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की कोशिश के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”