पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में चार दोषियों को उम्रकैद की सजा, 5वें को तीन साल की जेल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 नवंबर 2023): दिल्ली की साकेत कोर्ट ने आज शनिवार को 2008 में दिल्ली की पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसमें रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक और अजय कुमार का नाम शामिल है। साथ ही कोर्ट ने उन पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। तो वहीं पांचवें आरोपी अजय सेठी को तीन साल की जेल की सजा सुनाई है।

बता दें कि कि 15 साल पहले 30 सितंबर 2008 को पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह 30 सितंबर, 2008 की देर रात करीब 3:30 बजे अपनी कार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दावा किया था कि उनकी हत्या का उद्देश्य लूटपाट था। हत्या के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक, अजय कुमार और अजय सेठी को गिरफ्तार कर लिया था। पांचों आरोपी मार्च 2009 से हिरासत में थे।