आम आदमी पार्टी छठ के इस महापर्व पर आस्था से खिलवाड़ कर रही है: बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 नवंबर 2023): छठ का महापर्व आज से शुरू हो गया है। छठ पर्व की तैयारियों को लेकर तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बीच यमुना के गंदे पानी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी पर छठ के इस महापर्व पर आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि “दुर्भाग्यपूर्ण है ये सच, कल केमिकल छिड़कने से यमुना जी में ज़हरीली झाग ग़ायब नहीं हुई और आज दूसरे दिन भी झाग की हालत कुछ ऐसी है अरविंद केजरीवाल जी की सरकार के द्वारा सिर्फ़ प्रचार होता है काम नही। वैसे सुना है आज भी कालिंदी कुंज के तट पर यमुना जल में केमिकल का छिड़काव किया जाएगा, आम आदमी पार्टी छठ के इस महापर्व पर आस्था से खिलवाड़ कर रही है।”

दरअसल गुरुवार को यमुना नदी की सफाई पर दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा था कि उस (जहरीले झाग) को हटाने के लिए वहां खाद्य-ग्रेड रसायनों और एंजाइमों का छिड़काव किया जा रहा है। छिड़काव टीम ने कल रात 10 नावों पर छिड़काव का काम शुरू किया। अगले दो दिनों में जहरीला झाग पूरी तरह गायब हो जाएगा। इसके अलावा आतिशी ने यमुना के गंदे पानी को लेकर योगी सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश सरकार से आग्रह करना चाहूंगा कि वह अपना प्रदूषित पानी दिल्ली न भेजे।।