केजरीवाल के आवास को लेकर मचा सियासी बवाल, बीजेपी ने कनॉट प्लेस में लगाया “भ्रष्टाचार का राजमहल” प्रदर्शनी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15/10/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के रिनोवेशन में नियमों का उल्लंघन हुआ है, इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। भाजपा इस मामले को सड़क पर पुरजोर तरीके से उठाने की कोशिश कर रही है। इसी कड़ी में आज दिल्ली के कनॉट प्लेस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।

दिलीप भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी भाजपा नेता दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पालिका बाजार के गेट नंबर 1 के पास अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। सीएम केजरीवाल के आवास पर आधारित प्रदर्शनी अगले दो दिनों तक कनॉट प्लेस में जारी रहेगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सत्ता में आने से पहले कहते थे कि उनको सरकारी बंगला और गाड़ी नहीं चाहिए अब वह राजमहल में रह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के रेनोवेशन में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है, इसकी जांच सीबीआई कर रही है। आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल सलाखों के पीछे होंगे।

भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर आधारित एक प्रदर्शनी यहां पर लगाया गया है। जितने लोग कनॉट प्लेस आयेंगे वह अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार का राजमहल देखेंगे। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल घोटाले में लिप्त सरकार है। एक के बाद एक घोटाले उजागर हो रहे हैं ऐसे में अब कुछ हीं दिनों में अरविंद केजरीवाल के राजमहल का भी दरवाजा खुलेगा और दिल्ली की जनता उस महल को स्वयं जाकर देखेगी। सचदेवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह प्रण है कि उस महल का दरवाजा जल्द खुलेगा और वहां दिल्ली के बस्ती में रहने वाले लोग जाकर अपना कार्यक्रम करेंगे। वहीं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर खर्च की गई राशि 171 करोड़ रुपये है, न कि 45 करोड़ रुपये। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि केजरीवाल बिल्डिंग बायलॉज नियम का भी उल्लंघन कर रहे हैं। जब लोग कोरोना से पीड़ित थे, उनके लिए बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी और उस वक्त केजरीवाल ने अपने सरकारी बंगले पर बड़ी धनराशि खर्च करना शुरू कर दिए।।