एशियन गेम्स में भारत ने पहली बार 100 से अधिक मेडल पर जमाया कब्जा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (07/10/2023): चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे एशियन गेम्‍स 2023 में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने शनिवार को अपना 100वां मेडल जीता। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। एशियन गेम्स में हिंदुस्तानी खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीयों में उत्साह की लहर है।

अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजन में भारत के पदक शतक पर दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से जश्न मनाया। दिल्ली भाजपा के युवा, पूर्वांचल, ओबीसी, एसटी और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया विभाग और कार्यालय सचिवालय कर्मियों के साथ पार्टी कार्यालय में किसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत के पहले 100+ पदक का जश्न बड़े धूमधाम से मनाया।

जश्न मना रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और प्रगति कर रहा है। 45 दिनों के छोटे से चरण में भारत ने चंद्रयान 3, आदित्य एल1, जी 20, यशोभूमि, नारी शक्ति वंदन की सफलता और अब एशियाड में 100+ पदक सहित आधा दर्जन उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

सचदेवा ने कहा कि एशियन गेम्स 2023 में भारत का 100+ पदक पीएम मोदी के खेलो इंडिया कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण है जिसके तहत 9 वर्षों में खेल बजट लगभग 2.75 गुना बढ़ गया है। 2013-14 में जो खेल बजट रुपये 1219 करोड़ रुपये था पीआईबी रिपोर्ट के मुताबिक आज रुपये 3397 करोड़ है।दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि एशियाड में पदकों की बारिश उन लोगों के चेहरे पर तमाचा है जिन्होंने खिलाड़ियों का राजनीतिकरण करने की कोशिश की।।