राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे की 10 बड़ी खबरें , संक्षेप में पढ़े।

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 अक्टूबर 2023):

 

अफगान दूतावास ने परिचालन किया बंद

अफगानिस्तान के दूतावास ने भारत में अपना परिचालन बंद कर दिया है। नई दिल्ली स्थित अफगान दूतावास ने शनिवार रात को इसकी आधिकारिक घोषणा की। दूतावास ने एक बयान में कहा कि वह ‘मेजबान सरकार से समर्थन की कमी’, अफगानिस्तान के हितों की अपेक्षाओं को पूरा करने में विफलता और संसाधन तथा कर्मियों की कमी चलते एक अक्तूबर से अपना परिचालन बंद कर रहा है।

चुनाव से पहले केजरीवाल को झटका

लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को दिल्ली में बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी की दिल्ली यूनिट के 20 से अधिक नेताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। दिल्ली कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि दिल्ली कांग्रेस के पूर्व सचिवों कुलदीप भाटी और योगेन्द्र भाटी तथा पूर्व प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र कुमार समेत 20 से अधिक लोग आम आदमी पार्टी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हो गए.

रेलवे ने बदला कई ट्रेनों का समय

रेलवे एक अक्टूबर से नई समय सारिणी लागू कर रहा है। कई ट्रेनों के प्रस्थान और गंतव्य पर पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनों की गति भी बढ़ाई गई है, जिससे यात्री कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से चलने व यहां पहुंचने वाली 11 ट्रेनों के समय रविवार से बदल जाएंगे। बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस पहले की तुलना में अब पौने दो घंटे कम समय में दिल्ली पहुंचेगी। एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही लोकल ट्रेनों की भी गति बढ़ाई गई है।

 

दिल्ली में कूड़े पर राजनीती तेज

दिल्ली में कूड़े को लेकर एक बार फिर से राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने शनिवार को दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह, पूर्व महापौर हर्ष मलहोत्रा एवं योगेन्द्र चंदोलिया, विधायक अनिल वाजपेयी, निगम पार्षद संदीप कपूर और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ गाज़ीपुर लैंडफिल साइट का दौरा किया।

राजधानी से विदा हुआ मानसून

राजधानी दिल्ली से अपने सामान्य समय से तीन दिन देरी से मॉनसून विदा हो गया है। पिछले साल मॉनसून के जाने के बाद भी राजधानी में बारिश हुई थी, लेकिन इस बार मौसम के अगले कुछ दिन तक सूखा बने रहने के आसार ही हैं। आईएमडी के अनुसार, मॉनसून ने शनिवार को न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अलावा जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्से, पश्चिमी यूपी, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ पश्चिमी राजस्थान के कुछ और हिस्सों से भी विदाई ले ली है।

रोडवेज डिपो को मिली नई बस

रोडवेज डिपो को निगम द्वारा एक ओर बस का तोहफा दिया गया है। जिसका संचालन दिल्ली-हल्द्वानी मार्ग पर किया जाएगा साथ ही मोदीनगर रोड पर भी संचालन होगा। दो अक्तूबर को भी डिपो को नई बसें मिलने की उम्मीद है। रोडवेज डिपो द्वारा लखनऊ, बरेली, दिल्ली, नोएडा, मोदीनगर मार्ग सहित विभिन्न मार्गों पर 101 बसों का संचालन किया जाता है। लेकिन कुछ बसें अपनी समय सीमा पूरी करने वाली हैं, जिसके बाद इनका संचालन बंद कर दिया जाएगा।

 

यूपी कृषि कुंभ 2.0 का दिल्ली में होगा कर्टन रेजर

वर्ष 2018 में कृषि कुंभ के आयोजन के लिए देश भर में सराहे गए उत्तर प्रदेश में कृषि कुंभ 2.0 को वैश्विक समारोह बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को इसकी समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि कुंभ 2.0 में प्रदेश के प्रत्येक जनपद के साथ-साथ देश के हर राज्य की भागीदारी कराई जानी चाहिए। हर राज्य में कृषि क्षेत्र में हो रहे बेस्ट प्रैक्टिस को यहां प्रदर्शित किया जाए, इससे हमारे किसान तकनीकी दृष्टि से और संपन्न हो सकेंगे। यह आयोजन बीज से बाजार तक और दुनिया भर में कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही तकनीक से लेकर नवाचार तक की जानकारी देने वाला होगा। आयोजन दिसंबर के दूसरे सप्ताह में संभावित है।

 

सरकारी स्कूलों में घटा छात्रों की संख्या

दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के सत्र 2023-24 में विद्यार्थियों की संख्या 2022-23 के मुकाबले तीस हजार से ज्यादा घट गई है। कोरोना वायरस महामारी के बाद वर्ष 2022 में सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की कुल संख्या 17,89,385 थी जबकि वर्ष 2023 में विद्यार्थियों की संख्या घटकर 17,58,986 हो गई, जो कि पिछले सत्र के मुकाबले 30,399 कम है। दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत दायर आवेदन के जवाब में यह जानकारी मुहैया कराई है।