पल-पल न्यूज की संस्थापक खुशबू अख्तर के घर लगी आग, छानबीन में जुटी पुलिस

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 अगस्त 2023): दिल्ली सुल्तानपुरी स्थित ‘पल-पल न्यूज़’ की संस्थापक खुशबू अख्तर के घर में देर रात किसी ने आग लगा दी है। ‘पल-पल न्यूज़’ की संस्थापक खुशबू अख्तर ने आरोप लगाते हुए कहा कि घर में रखा कुरान भी जला दिया गया है। साथ ही उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगर कुरान जलाई गई हैं तो कुछ सोच समझकर जलाई गई होंगी।

‘पल-पल न्यूज़’ की संस्थापक खुशबू अख्तर ने बुधवार को एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “सब जलकर ख़ाक हो गया।”

वीडियो में उन्होंने कहा कि यह हमारा दिल्ली के सुल्तानपुरी वाला घर है। रात में कब और कौन आया पता नहीं। लेकिन किसी ने हमारे घर को आग लगा दी है। उन्होंने अलमारी को दिखाते हुए कहा कि इसमें हमारी किताबें और कुरान रखी थीं, वो सब जलकर खाक हो चुकी है। यह किसने किया है? और क्यों किया है? पता नहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कुरान जलाई गई हैं तो कुछ सोच समझकर जलाई गई होगी।