नए विवादों में फंसे राहुल गांधी, बीजेपी की महिला सांसदों ने लिखित में की स्पीकर को शिकायत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 अगस्त 2023): लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण के बाद आज एक नया विवाद पैदा हो गया। स्मृति इरानी ने राहुल गांधी पर महिला सांसदों को फ्लाइंग किस देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘एक बात पर मैं आपत्ति जाहिर करना चाहती हूं। जिनको आज मुझसे पहले बोलने का अधिकार दिया गया, उन्होंने जाते-जाते एक स्त्री विरोधी लक्षण के दर्शन दिए। कोई अभद्र शख्स ही महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसे गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। यह उस खानदान के लक्षण हैं ये आज देश को पता चल गया।’ दरअसल, राहुल गांधी आज सबसे पहले बोले। उन्होंने मणिपुर पर ‘भारत माता की हत्या’ वाली बात कहते हुए मोदी सरकार को घेरा, जिस पर सत्ता पक्ष ने जमकर विरोध जताया। स्मृति ईरानी उनके बाद बोलने के लिए खड़ी हुईं, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। इसी दौरान उन्होंने फ्लाइंग किस वाली बात का जिक्र किया।

स्मृति ने कहा कि राहुल ने महिला सांसदों का अपमान किया है। भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर से इसकी शिकायत भी कर दी है। आरोप है कि राहुल गांधी जब भाषण पूरा कर संसद से निकल रहे थे तो उन्होंने फ्लाइंग किस का इशारा किया। बीजेपी की महिला सांसदों ने इस पर ऐतराज जताया। इसी का जिक्र स्मृति ने अपने भाषण में किया। हालांकि उन्होंने नाम नहीं लिया। बाद में शेम-शेम के नारे लगने लगे। इस बीच राहुल गांधी के फ्लाइंग किस को लेकर स्पीकर को शिकायत दी गई है जिसकी एक तस्वीर वायरल हो रही है। स्पीकर को लिखित में दी गई गई शिकायत पत्र पर कई सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसमें बताया गया है, ‘जब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सदन को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा अमर्यादित व्यवहार किया गया। इस मामले में हम राहुल गांधी के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग करते हैं। राहुल गांधी ने सदन में न केवल महिलाओं के सम्मान का उपहास किया, बल्कि सदन की मर्यादा का भी अपमान किया।