बॉलीवुड के मशहूर कला निर्देशक नितिन देसाई ने किया सुसाइड, स्टूडियो में लटका हुआ मिला शव

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 अगस्त 2023): बॉलीवुड के मशहूर कला निर्देशक नितिन देसाई ने आत्महत्या कर ली है। वह बुधवार सुबह महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अपने स्टूडियो में मृत पाए गए हैं। उनकी मौत का कारण पैसों की तंगी बताया जा रहा है। महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने नितिन देसाई की मौत की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि “वह आर्थिक तनाव में थे और आत्महत्या का यही एकमात्र कारण हो सकता है।”

इस मामले में जानकारी देते हुए रायगढ़ एसपी ने कहा कि “हमें,पी कला निर्देशक नितिन देसाई का शव कर्जत स्थित उनके स्टूडियो में लटका हुआ मिला है। पुलिस को इसकी जानकारी सेट पर मौजूद एक वर्कर ने दी। जब पुलिस टीम स्टूडियो पहुंची तो हमने देखा कि उनका शव लटक रहा था। हम इस मामले में सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।”

आपको बता दें कि नितिन देसाई हम दिल दे चुके सनम, लगान, और देवदास, जोधा अकबर और प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए प्रसिद्ध थे। वह सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन के लिए तीन फिल्मफेयर पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशन के लिए चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते थे।।