दिल्ली की PWD मंत्री आतिशी ने राजघाट में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 जुलाई 2023): दिल्ली की लोक निर्माण विभाग की मंत्री आतिशी बुधवार को जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण करने राजघाट पहुंची। यहां पर यमुना नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण सड़कों और राजघाट परिसर के अंदर पानी घुस गया था। वहीं अब सड़कों से भरा पानी हट चुका है लेकिन अभी भी राजघाट परिसर के चारों और पानी भरा हुआ है। इसे निकालने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है। यहां से पानी को बाहर निकलने में दो से तीन दिन का और समय लगेगा।

निरीक्षण करने के बाद लोक निर्माण विभाग की मंत्री आतिशी ने कहा कि “राजघाट परिसर में घुसे बाढ़ के पानी को पंपिंग के अलावा और कोई दूसरा तरीका निकालने का नहीं है। यहां पर युद्ध स्तर पर पंपिंग हो रही है। सभी केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को इस काम में लगे हुए हैं। ये किसके अधीन आता है, ये देखने का समय नहीं है। अभी भी दो से तीन दिन का समय और लगेगा।”

आपको बता दें कि यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे चला गया है। आज बुधवार सुबह 6 बजे यमुना नदी का जलस्तर 205.25 मीटर दर्ज किया गया है, जो कल शाम 7 बजे 205.35 मीटर था।