दिल्ली सीएम ने बाढ़ के पानी में मस्ती करने वाले लोगों से की अपील, ‘ऐसा ना करें, घातक हो सकता है’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। वहीं कई इलाकों में कुछ लोग बाढ़ के पानी में मस्ती करने नजर आए। इन लोगों को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चेतावनी देते हुए उन जगहों से दूर रहने की अपील की है।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को खुशी की खबर देते हुए शनिवार को ट्वीट कर कहा कि “यमुना में पानी का स्तर धीरे धीरे कम हो रहा है। अगर फिर से तेज बारिश नहीं हुई तो जल्द स्थिति नार्मल हो जाएगी। चन्द्रावल और वज़ीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से पानी निकालना चालू कर दिया। इसके बाद मशीनें सुखायेंगे। दोनों प्लांट्स कल तक ही चालू हो पायेंगे। कृपया सावधानी बरतें और एक दूसरे की मदद करें।”

इसके साथ ही केजरीवाल ने अन्य ट्वीट कर कहा कि “कई जगह से खबर आ रही है कि कुछ लोग पानी में खेलने या तैरने जा रहे हैं या वीडियो/सेल्फ़ी के लिए जा रहे हैं। कृपया ऐसा ना करें। ये जानलेवा हो सकता है। अभी बाढ़ का ख़तरा ख़त्म नहीं हुआ। पानी का वेग बहुत तेज है। पानी कभी भी बढ़ सकता है।”

केजरीवाल ने एक और अन्य ट्वीट कर आगे कहा कि “मैं सभी से इससे बचने का आग्रह करता हूं। यह घातक हो सकता है।”

आपको बता दें कि यमुना नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह 10 बजे यमुना नदी का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है। लेकिन अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में भारी जलभराव है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।