हरियाणा के कृषि मंत्री ने आतिशी के सवालों का दिया जवाब, कहा- दिल्ली के डूबने का मूल कारण अवैध कब्जा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार बताया है और कहा कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है। वहीं इसे लेकर दिल्ली सरकार और हरियाणा सरकार के बीच घमासान मचा हुआ है।

दिल्ली की लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने हरियाणा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि “ये बहुत बड़ा सवाल है कि सारा पानी सिर्फ दिल्ली के लिए क्यों छोड़ा जा रहा था। हथिनी कुंड बैराज से जो पानी यूपी और हरियाणा जाता है उसके लिए एक बूंद पानी नहीं छोड़ा गया। हरियाणा को इसका जबाव देना पड़ेगा। क्या दिल्ली में बाढ़ की स्थिति को टाला जा सकता था?”

तो वहीं अब हरियाणा के कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने दिल्ली की लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि “हमारे पास कोई बांध नहीं है तो जो पानी आता है वो दिल्ली, आगरा, इलाहाबाद से होते हुए आखिर में समुद्र में जाता है। इसे कौन मोड़ सकता है।”

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “अब ये(AAP) बोल रहे हैं कि पानी को उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब की तरफ नहीं भेजा। आम आदमी पार्टी अपने कर्तव्यों से बचने की कोशिश करती है। दिल्ली को डूबाने में जितना योगदान अवैध कब्जों का है, उतना किसी और का नहीं है।”