प्रगति मैदान टनल में दिन दहाड़े लूट, अरविंद केजरीवाल ने मांगा एलजी का इस्तीफा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (26/06/2023): दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में 4 बदमाशों ने एक कार को रोककर बंदूक के दम पर 2 लाख रूपये से भरे बैग लूट लिए। लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इस वीडियो को शेयर करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए है।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना पर हमला बोलते हुए कहा कि एलजी को इस्तीफा देना चाहिए। किसी ऐसे व्यक्ति के लिए रास्ता बनाएं जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान कर सके। अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती तो इसे हमें सौंप दें। हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जाए।

प्रगति मैदान से इंडिया गेट को जोड़ने वाली प्रगति मैदान चैनल का यह वीडियो साफ देखा जा सकता है कि चार बदमाशों ने गाड़ी को रोका और इसके बाद बंदूक के दम पर कैश से भरे बैग उड़ा ले गए। जानकारी के मुताबिक पटेल साजन कुमार, जो की ओमिया इंटरप्राइजेज, चांदनी चौक में डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करते हैं। वो 24 जून को वो अपने एक साथी जिगर पटेल के साथ चांदनी चौक से गुरुग्राम के लिए निकले।

इसी दौरान प्रगति मैदान के टनल में उनकी गाड़ी को रोककर कैश लूट लिया गया। पुलिस की तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान की जा रही है। राजधानी दिल्ली का यह मामला है ऐसे में राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था पर आम आदमी पार्टी सवाल खड़े कर रही है। सवाल ये उठता है कि राजधानी दिल्ली में वारदात को अंजाम देने वाला वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के कानून व्यवस्था पर तमाम तरह के प्रश्न खड़े हो रहे हैं।।