विपक्ष को एकजुट करने में जुटे नीतीश कुमार, अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/05/2023): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात में उनके अलावा बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहें।

मुलाकात के बाद केंद्र द्वारा दिल्ली में NCCSA बनाने के लिए लाए गए अध्यादेश पर दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “परसो 3 बजे मेरी ममता जी(बंगाल की मुख्यमंत्री) के साथ बैठक है। उसके बाद मैं देश में सभी पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए जाऊंगा। आज मैंने नीतीश जी से भी अनुरोध किया कि वो भी सभी पार्टियों से बात करें। मैं भी हर राज्य में जाकर, राज्यसभा में जब ये बिल आए, तब इसे हराने के लिए मैं सभी से समर्थन के लिए बात करूंगा।”

तो वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि “सुप्रीम कोर्ट का फैसला सही रहा लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा जो करने की कोशिश हो रही है वह विचित्र है। सभी को एकजुट होना होगा। हम इनके(केजरीवाल) साथ हैं, ज़्यादा से ज़्यादा विपक्षी पार्टी एक साथ मिल कर अभियान चलाना होगा। हम पूरे तौर पर केजरीवाल जी के साथ हैं।”

बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि “जो परेशानी अरविंद केजरीवाल झेल रहे हैं हम उसके ख़िलाफ केजरीवाल जी को समर्थन देने आए हैं। अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार होती तो उप राज्यपाल में हिम्मत होती इस प्रकार का काम करने की? दिल्ली में भाजपा कभी वापसी नहीं करेगी।”

बता दें कि पिछले एक महीने के भीतर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से ये दूसरी मुलाकात है।