आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर कार्यकर्ताओं को दफ्तर के भीतर से गिरफ्तार करने का लगाया आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/02/2023): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के गिरफ़्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देशभर में जोरदार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आप नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही अब आम आदमी पार्टी की ओर से भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता इससे संबंधित वीडियो ट्विटर पर शेयर कर भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया है।

सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर कहा कि “भाजपा की तानाशाही देखिए। आम आदमी पार्टी के ऑफिस में घुस कर लोगों को गिरफ़्तार किया जा रहा है।”

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने केंद्र की मोदी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि “मोदी जी की पुलिस आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में घुसकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। मोदी जी, ये तानाशाही नहीं चलेगी। हिम्मत है तो अडानी को गिरफ्तार करके दिखाओ।”

आप विधायक शिव चरण गोयल ने कहा कि “बीजेपी की दिल्ली पुलिस अब दिल्ली में AAP मुख्यालय में घुसकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। मोदी जी, ये तानाशाही नहीं चलेगी। हिम्मत है तो अडानी को गिरफ्तार करके दिखाओ जिसको सब कुछ दे दिया।”

बता दें कि सीबीआई ने कल यानी रविवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में हुए कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था।