राजधानी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/12/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली की पॉश कॉलोनी ऋषभ विहार में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चल रहा था। पुलिस ने कल यानी बुधवार को इस गिरोह का पर्दाफाश कर थाइलैंड की सात महिलाएं समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है‌।

दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक “पुलिस ने ऋषभ विहार स्थित एक स्पा सेंटर में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का पर्दाफाश कर एक आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया है‌। छापे के दौरान 7 थाई महिलाएं और 5 भारतीय महिलाएं मिलीं। अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।”

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट चलाए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पहले ग्राहक बन एक पुलिसकर्मी सेंटर में पहुंचा। फिर जब देह व्यापार के लिए महिला पैसे लेने लगी तो उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

वहीं अब पुलिस जांच में जुटी है कि यह विदेशी महिलाएं भारत किस वीजा से लाई गई हैं। रैकेट चलाने वाले किन-किन लोगों के संपर्क में हैं। वह इस रैकेट को किस तरह चला रहें हैं। महिलाओं से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई किया जा रहा है। सेंटर का पुराना रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। सेंटर कब से चल रहा है। इसमें कौन लोग आते-जाते हैं इसका पता लगाया जा रहा है।।