12वीं बार राजद के मुखिया बने लालू प्रसाद यादव, निर्विरोध निर्वाचित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (9 अक्टूबर 2022): बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव एक बार फिर राजद के मुखिया बन गए। 9अक्टूबर, बुधवार को उन्हें पार्टी का लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। लालू प्रसाद इस पद के अकेले उम्मीदवार थे।

लालू यादव ने बुधवार की सुबह ही राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी व सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन के समक्ष 5 सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के बाद पांचों सेटों का‌ नामांकन पत्र वैध पाया गया। नामांकन पत्र वापस लेने की अवधि समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने लालू प्रसाद को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने की अधिसूचना जारी की।

पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि लालू प्रसाद यादव के प्रस्तावकों में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, विधान परिषद‌ के उप सभापति डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दिकी, सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रेमचन्द गुप्ता, अशफाक करीम, मंत्री तेज प्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, ललित यादव‌, समीर कुमार महासेठ, चन्द्रशेखर, सुधाकर सिंह सहित देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय परिषद के 50 सदस्य शामिल थे।

इस मौके पर पार्टी के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय कार्यालय में जमकर ढोल नगाड़े बजाए और मिठाइयां बांटी।