आजादी का सबसे बड़ा जश्न, लाल किला से संसद भवन तक विशाल तिरंगा यात्रा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (03/08/2022): आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आज लाल किले से बीजेपी सांसदों ने संसद भवन तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्रियों एवं सांसदों ने बड़ी संख्या में बढ़ चढ़कर भाग लिया। भारत के उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने इस तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। जिससे भारी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ताओं,सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों ने भाग लिया।

 

 

लाल किले से उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा की आज़ादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त को समाप्त होगा इसलिए देश की एकता और आज़ादी के लिए जिन महानुभावों ने कुर्बानी दी और अपना जीवन त्याग किया उन महानुभावों को याद करें, और अपने बच्चों को भी इसके बारे में बताएं।

 

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा की तिरंगा चंद गज का कपड़ा नहीं। तिरंगे की ताकत 130 करोड़ भारतीयों को एकजुट करने की है। आज आप देख सकते हैं सभी एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हैं, बहुत सारे केंद्रीय मंत्री, सांसद और अलग-अलग दल के नेता इस यात्रा में शामिल हैं। आने वाले पीढ़ियों को इससे संदेश दिया जा रहा है कि हम सब भारत को एकजुट रखेंगे, भारत को आगे बढ़ाएंगे और भारत को और मजबूत तथा ताकतवर बनाएंगे।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा की प्रधानमंत्री के आह्वान पर राष्ट्र का हर नागरिक एक तरफ आज़ादी के 75 साल को उत्सव के रूप में मना रहा है। तो दूसरी ओर PM का आह्वान है, कि आगामी 25 साल संकल्पों से भरा हो, कर्तव्य निष्ठा से भरपूर हो और अपेक्षाओं पर हर नागरिक खड़ा उतरे ये प्रयास हम सबका है।

 

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा की हर घर तिरंगा फैले और सब लोग अपने कर्तव्यों को ध्यान में रखकर हर घर तिरंगा फहराने का और भारत के भविष्य को लहराने का काम करे। आपको बता दें कि इस विशाल तिरंगा यात्रा में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। अमृत महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति मंत्रालय द्वारा विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है इसमें हर घर तिरंगा अभियान शामिल है।