बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कांग्रेस ने किया पलटवार, ‘लोकतंत्र में सरकार गिराने के लिए हथियार बन गया है ED’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/07/2022): नेशनल हेराल्ड मामले में आज यानी गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का प्रर्वतन निदेशालय के सामने पेशी होनी है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोनिया गांधी पर निशाना साधा और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। इस पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस किया है और केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला किया है। इस दौरान उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) के मीडिया प्रमुख पवन खेरा भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, जिन्होंने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। कोई छोड़ सकता है क्या प्रधानमंत्री का पद? लेकिन सोनिया गांधी ने छोड़ा। सोनिया गांधी जी ने भारतीय संस्कार और संस्कृति आत्मसात की। कई सवाल उन पर उठाए गए थे।उनके हाथों में इंदिरा जी की शहादत हुई है। सोनिया गांधी की सास, उनके पति इस देश के लिए शहीद हो गए। मगर इस सरकार में कोई शर्म नहीं है कि ऐसी महिला के साथ आप किस तरह व्यवहार कर रहे हैं। इस सरकार का रवैया बहुत ही निम्न स्तर का है। इस सरकार को यह चिंता ही नहीं है कि यह देश क्या सोच रहा होगा। कांग्रेस शासन में ऐसा नहीं होता था।

उन्होंने कहा कि आज सोनिया गांधी को जिस रूप में बुलाया गया है, वो बेहतर तरीके से हो सकता है। हम मानते हैं कि कानून सभी के लिए समान होता है, लेकिन इनके शासन में कानून सभी के लिए समान नहीं है। भाजपा के शासन में कानून सभी के लिए समान नहीं है। इनके लिए जो NDA में आता है, BJP ज्वाइन कर लेता है, उसके लिए कानून बदल भी जाता है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने देश के लिए दो कानून बना रखे हैं, जो विपक्ष के लिए अलग है और इनके खुद के लिए अलग है। इस प्रकार आज यह मुल्क चल रहा है। ऐसा केस हाथ में लिया गया है, ED का जिस पर कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि ED को एक प्रेस कांफ्रेंस कर देश को बताना चाहिए कि वो सोनिया गांधी और राहुल गांधी को क्यों बुला रहे हैं?

उन्होंने कहा कि इस सरकार की फितरत यह है कि आज हमारी जगह ये होते तो आग लगा देते, तोड़-फोड़ कर देते और हमारे यहाँ आप देख सकते हैं कि भजन हो रहे हैं। आप इसी से समझ सकते हैं कि कांग्रेस की सोच क्या है और इनकी सोच क्या है। इन्हें पूरे विपक्ष को बुलाकर बातचीत करनी चाहिए। कोई दुश्मन तो होते नहीं हैं राजनीति के अंदर और न ही होना चाहिए, लेकिन ये विपक्ष को दुश्मन मानते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले ये सरकार कांग्रेस मुक्त भारत की बात करती थी, लेकिन अब इनका मंत्र है कि विपक्ष मुक्त भारत बने, तानाशाही हो देश के अंदर, उसी दिशा में देश जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ED सरकार को गिराने का इनका बहुत बड़ा हथियार हो गया है। इसे घटिया बात कोई हो नहीं सकती कि आप एक एजेंसी के माध्यम से डरा-धमकाकर सरकार बदलते हो और गर्व महसूस करते हो।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के बारे में विदेशी होने के जुमले सुनते थे। लेकिन उस महिला ने जिस तरह हिंदुस्तान के संस्कार और संस्कृति अपनाई, उसका लोहा इस देश की महिलाएं भी मानती हैं। सोनिया गांधी ने इस देश के लिए, कांग्रेस पार्टी के लिए जिस तरह अपनी जान लगा दी, उसको हम कभी भूल नहीं सकते। राजनीति में वही कामयाब हो सकता है, जो सभी को साथ लेकर चलता है।अब तक गांधी परिवार की साख बढ़ी हुई है, क्योंकि ये परिवार सभी को साथ लेकर चलता है।