लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले एकजुट होता विपक्ष, राहुल गांधी से मिले नीतीश कुमार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (12/04/2023): लोकसभा चुनाव 2024 से पहले विपक्ष एकजुट होने की कोशिश कर रहा है। विपक्षी एकजुटता को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ राहुल गांधी की एक अहम बैठक हुई।

बैठक में मुख्य रूप से मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव मौजूद रहे। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की एकजुटता के मद्देनजर यह पहली औपचारिक बैठक मानी जा रही है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई विचारधारा की लड़ाई है और 2024 का लोकसभा चुनाव हम सब आपस में मिलकर लड़ेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को एक करने की एक प्रक्रिया है और उनका देश के लिए जो विजन है, उसे हम विकसित करेंगे। जो भी पार्टियां हमारे साथ चलेंगी, हम उन्हें लेकर आगे बढ़ेंगे और विचारधारा की लड़ाई लड़ेंगे। देश और लोकतंत्र पर जो आक्रमण हो रहा है, हम उसके ख़िलाफ एक साथ खड़े होंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने एक ऐत‍िहास‍िक मीट‍िंग की। हमने बहुत सी बातों पर चर्चा की। हम सबने म‍िलकर यह तय क‍िया है क‍ि सभी पार्ट‍ियों को एकजुट करना है और आगे के चुनाव में एकजुट होकर लड़ना है। यही हमारा न‍िर्णय हुआ है।

बैठक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अभी बात हो गई है। हमने काफी देर चर्चा की है। अधिक से अधिक पार्टियों को पूरे देश में एकजुट करने का प्रयास करना है। हम आगे एक साथ काम करेंगे ये तय हो गया है।।