बीएस राजू संभालेंगे सेना के उपप्रमुख की कमान, मानें जाते हैं आतंकवाद विरोधी अभियान के विशेषज्ञ

 

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (30 अप्रैल2022)

लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू एक मई को संभालेंगे सेना के उपप्रमुख की कमान, इस बात की जानकारी शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय द्वारा दी गई। लेफ्टिनेंट जनरल राजू का पूरा नाम बग्गावल्ली सोमशेखर राजू है।

थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम नरवणे का कार्यकाल शनिवार को पूरा हो रहा है, जिसके बाद सेना प्रमुख का कमान लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे संभालेंगे, जिसके बाद उप प्रमुख की जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू के जिम्मे होगी।

आपको बता दें कि लेफ्टिनेंट जनरल राजू को जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों के विशेषज्ञ एवं सेनानायक माना जाता है।
उन्हें कश्मीर में अबतक पांच बार आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात किया गया है।
हेलीकॉप्टर पायलट सहित कई विधाओं में निपुण लेफ्टिनेंट जनरल राजू वर्तमान में सैन्य संचालन महानिदेशक के पद पर सेवारत हैं।

ज्ञात हो कि लेफ्टिनेंट जनरल राजू को 15 दिसंबर 1984 को जाट रेजिमेंट में नियुक्त किया गया था।।