एक्सपोज़ हो चुकी है केजरीवाल सरकार की बदहाल शिक्षा व्यवस्था: भाजपा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (26/04/22): पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। भगवंत मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ कभी मोहल्ला क्लिनिक का दौरा कर रहे हैं, कभी स्कूल में बच्चों से शिक्षा का हाल जान रहे हैं, तो कभी अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को देखने पहुंच रहे हैं। इसके बाद भगवंत मान ने कहा था कि दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल को पंजाब में भी लागू किया जाएगा।

भगवंत मान के दिल्ली दौरे पर राजनीति भी शुरू हो गई भाजपा ने आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भगवंत मान को स्क्रिप्ट के आधार पर चीजें दिखा रहे हैं, लेकिन सच कुछ और है। भगवंत मान और केजरीवाल के दौरे को लेकर भाजपा पार्टी ने निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ दिखावा है, दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था, मोहल्ला क्लिनिक, स्कूल मॉडल सारे केजरीवाल सरकार के फेल पड़े हैं।

दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा की अगर दिल्ली मॉडल इतना अच्छा है तो भगवंत मान पंजाब में जहाँ से सांसद थे वहाँ इस मॉडल को अप्लाई कर सकते थे, उन्होंने ऐसा नहीं किया। आदेश गुप्ता ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा की शिक्षा बजट के नाम पर जो पैसा आवंटित किया गया उतना दिल्ली के अंदर खर्च ही नहीं हुआ।

आदेश गुप्ता ने दिल्ली में केजरीवाल मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा की दिल्ली का एजुकेशन मॉडल पूरी तरह फ़ेल है भगवंत मान जी, आपको सच नहीं दिखाया जा रहा है। दिल्ली सरकार के 755 स्कूल ऐसे हैं जहां प्रिंसीपल नहीं है, 416 स्कूल ऐसे हैं जहां वाईस-प्रिंसिपल नहीं हैं, 16834 टीचर्स के पद खाली हैं, किस शिक्षा मॉडल की बात केजरीवाल करते हैं।

आदेश गुप्ता ने कहा की केजरीवाल सरकार की बदहाल शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह एक्सपोज़ हो चुकी है। आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार के स्वास्थ मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा की जिस हॉस्पिटल में कल केजरीवाल भगवंत मान को लेकर गए थे, वहां लोग इलाज के लिए परेशान थे। केजरीवाल सरकार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खुल चुकी है।