अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को लगा झटका, सांसद और विधायक ने छोड़ा साथ

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 मार्च 2024): लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पंजाब के जालंधर से आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील कुमार रिंकू और आप विधायक शीतल अंगुराल आज बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली बीजेपी हेडक्वार्टर में दोनों नेताओं को बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी कि सदस्यता दिलाई।

सुशील कुमार रिंकू और आप विधायक शीतल अंगुराल को बीजेपी में शामिल करवाते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। विभिन्न क्षेत्रों के लोग हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। मैं सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल का पार्टी में स्वागत करता हूं। पंजाब में बदलाव आ रहा है और हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए काम करेंगे।

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सुशील रिंकू आज पार्टी में शामिल हुए वह आम आदमी पार्टी के एकमात्र लोकसभा सांसद हैं। जालंधर में चुनाव से पहले उन्होंने बड़े बड़े दावे किए थे, जिसको आज तक पूरा नहीं किया गया। इसलिए आज सुशील कुमार रिंकू ने आप से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामा है।

बीजेपी में शामिल होने के बाद पूर्व आप नेता शीतल अंगुराल ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी को बेनकाब करने का समय आ गया है। आप ने पंजाब के लोगों से झूठ बोला है, मैं जल्द ही ऑपरेशन लोटस के संबंध में सबूत लाऊंगा। आम आदमी पार्टी ने जो जनता से वादा किया था उसको पूरा नहीं किया। जल्द ही आम आदमी पार्टी के करतूत को सबके सामने लाऊंगा।

AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू ने बीजेपी में शामिल होने के बाद कहा कि मैं शुरू से ही विकास से जुड़ा रहा हूं। जालंधर के लोगों ने हमें जालंधर उपचुनाव में जिताया, लेकिन मुझे निराशा है कि हम उनके लिए कुछ नहीं कर सके। सड़कें खराब हैं, कूड़ा है सड़क पर गंदगी है, कचरे के पहाड़ हैं। अगर पार्टी के राष्ट्रीय नेता के कहने के बाद भी कचरे के उन पहाड़ों को नहीं हटाया जा सकता है, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि नगर निगम और अन्य की स्थिति क्या होगी।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।