पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर पीएम की नजर, मेरठ से चुनाव अभियान की शुरूआत करेंगे पीएम मोदी

टेन न्यूज नेटवर्क

मेरठ (27 मार्च 2024): लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज गई है। सियासी पार्टियां पूरी दमखम के साथ मैदान में उतर चुकी है। पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आ रही है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटें भी शामिल हैं। यहां सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में 19 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के सबसे मजबूत खिलाड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की कमान अपने हाथों में ले लिया है। उत्तर प्रदेश में मोदी अपने प्रचार अभियान की शुरूआत मेरठ से करेंगे।

बता दें कि 31 मार्च को पीएम मोदी मेरठ में बड़ी रैली आयोजित करने वाले हैं। खास बात यह है कि इस रैली में पीएम मोदी के साथ रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होंगे, जो हाल ही में सपा से अलग होकर एनडीए में शामिल हुए हैं। मेरठ से भारतीय जनता पार्टी ने रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल को मैदान में उतारा है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर भाजपा की नजर

उत्तर प्रदेश में फतह हासिल करने के लिए बीजेपी को पहले पश्चिमी यूपी से पार पाना होगा। दरअसल, 2014 के चुनाव में बीजेपी ने इस क्षेत्र की 27 में से 24 सीटों पर जीत हासिल की थी वहीं साल 2019 में सपा -बसपा गठबंधन के बावजूद भाजपा के खाते में 19 सीटें गई। अगर बात मेरठ लोकसभा सीट की करें तो वहां साल 2019 में भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र अग्रवाल ने बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी से महज 5000 से भी कम मतों से जीत हासिल की थी।

इस बार अलग होंगे समीकरण

2019 की तुलना में 2024 लोकसभा चुनाव में समीकरण अलग होंगे। जहां एकतरफ भाजपा ने आरएलडी , एसबीएसपी, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी से हाथ मिलाया है तो वहीं दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ रही है। बसपा सभी सीटों पर अकेले लड़ रही है।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन दिल्ली / नई दिल्ली दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।