भाजपा प्रवक्ता ने आप पर साधा निशाना, एमसीडी के स्कूलों में बच्चों के किताब, कॉपी और ड्रेस के पैसे नहीं मिले

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 फरवरी 2024): दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधार के खोखले दावों किये जाने की निंदा की है। पत्र में कहा गया है की 2015 से 2022 तक राजनीतिक मंशा के साथ दिल्ली सरकार ने दिल्ली नगर निगम के फंड्स में कटौती की थी और निगम का काम प्रभावित करने का काम किया था।

प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि इसके बावजूद तत्कालीन दिल्ली नगर निगम के भाजपा प्रशासन ने देर-सवेर स्कूली छात्रों को किताब, कापी, वर्दी, बैग, जूते का फंड पहुंचाया पर आज जब दिल्ली सरकार एवं दिल्ली नगर निगम दोनों जगह आम आदमी पार्टी की सत्ता है तब छात्रों को आवश्यक सामग्री नहीं मिल रही है।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग का 5 दिसम्बर 2013 का एक परिपत्र जारी कर कहा है कि स्पष्ट है की निगम स्कूलों में पढ़ रहे 8 लाख 16 हजार 655 में से केवल 514878 छात्रों को इस वर्ष 2023-24 की स्कूल वर्दी का पैसा जनवरी 2024 में दिया गया। इसी तरह 24 जनवरी को निगम के शिक्षा विभाग ने 514878 छात्रों को स्टेशनरी देने को लेकर एक परिपत्र निकाला पर आज एक माह बाद भी वह स्टेशनरी पैसा छात्रों तक नही पहुंचा। 2023-24 शिक्षा सत्र में फरवरी का अंत आ गया पर नगर निगम में 8 लाख छात्रों को स्कूल बैग, जूते या उनके लिए आवश्यक फंड देने का कोई प्रस्ताव तक नही। बायस फंड का उपयोग परीक्षा प्रश्न पत्र आदि बनाने में होता है, वार्षिक परिक्षा शुरू होने को है पर उसकी तैयारी का फंड स्कूलों तक नही पहुंचा है।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा है की आम आदमी पार्टी का शासन आने के बाद दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं महापौर केवल बयानों में शिक्षा सुधार कर रहे हैं।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Vijaychowk.com : नई दिल्ली न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज इंडिया यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।