संजय सिंह को दोबारा राज्यसभा के लिए मनोनीत करने पर उनकी पत्नी अनीता सिंह ने क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 जनवरी 2024): आप द्वारा संजय सिंह को दोबारा राज्यसभा के लिए मनोनीत करने पर उनकी पत्नी अनीता सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि “मैं उन्हें दोबारा राज्यसभा के लिए मनोनीत करने के लिए अरविंद केजरीवाल का दिल से आभार व्यक्त करती हूं। उन्होंने एक अभिभावक के रूप में काम किया है और वह एक बड़े भाई की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। हम खुश हैं लेकिन थोड़ा दुखी भी हैं। अगर वह यहां होते तो हम और अधिक खुश होते। लेकिन वह एक दिन जेल से बाहर आएंगे।”

साथ ही संजय सिंह खिलाफ मामले पर संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि “हमने हाई कोर्ट में अपील की है। अगर वहां खारिज हो गई तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। लेकिन मनीष सिसोदिया के मामले को देखकर ऐसा नहीं लगता कि अभी हमें न्याय मिलेगा। बाकी भगवान पर निर्भर है। हम लड़ेंगे।”

बता दें कि आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति ने शुक्रवार को 19 जनवरी को दिल्ली में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप दे दिया है। समिति ने पहली बार स्वाति मालीवाल को अपना उम्मीदवार नामित किया है। साथ ही समिति ने मौजूदा राज्यसभा सांसद संजय सिंह और नारायण दास गुप्ता को दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नामांकित किया है।