बिहार के दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज को मिली मंजूरी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 दिसंबर 2023): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बिहार के दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज बनाने को मंजूरी दी गई है। साथ ही खोवाई से हरिना तक सड़क बनाने के काम को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “बिहार में दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसे 42 महीने में पूरा किया जाएगा और इसे बनाने में 3,064 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बड़ी बात ये है कि इस पुल के नीचे से बड़े जहाज भी आसानी से आ जा सकेंगे।”

साथ ही केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “सड़क और परिवहन मंत्रालय से जुड़े निर्णय लिए गए हैं जो त्रिपुरा और असम के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। खोवाई से हरिना तक सड़क बनाने के काम को मंजूरी दी गई है। 20,487 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 25 महीने में इस काम को पूरा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर असम और त्रिपुरा के बीच में परिवहन और सुगम हो जाएगा। ये उत्तर त्रिपुरा को दक्षिण त्रिपुरा से जोड़ने का प्रयास है।”