G-20 की बैठक को लेकर दिल्ली मेयर ने अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई अहम निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 सितंबर 2023): देश की राजधानी दिल्ली में 9 से 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन होना है। इसकी तैयारियों को लेकर दिल्ली नगर निगम की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बात की जानकारी दिल्ली मेयर शैली ओबरॉय ने एक्स पर बैठक की तस्वीरें शेयर करके दी है।

दिल्ली मेयर शैली ओबरॉय ने ट्वीट कर कहा कि “एमसीडी के अधिकारियों के साथ जी-20 की तैयारियों को लेकर बैठक की। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में 35 सड़कों पर विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इसमें पांच-पांच सफाईकर्मी, पांच-पांच माली सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। पूरी दिल्ली में 12 हजार से अधिक कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। दिल्ली नगर निगम की ओर से 8 स्थानों पर वेस्ट टू आर्ट से स्कल्पचर बनाए गए हैं।”

बता दें कि जी20 शिखर सम्मेलन राष्ट्रीय राजधानी में 9 और 10 सितंबर को प्रगति मैदान के अत्याधुनिक भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला है। जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया गया है। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।।