दिल्ली मेयर ने सुल्तानपुरी रेलवे अंडरपास का किया उद्घाटन , कहा- अटके पड़े सभी विकास कार्य होंगे पूरे

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 सितंबर 2023)

दिल्ली नगर निगम की मेयर डॉक्टर शैली ओबरॉय ने आज सोमवार को सुल्तानपुरी रेलवे अंडरपास का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया है। इस मौके पर उनके साथ नेता सदन मुकेश गोयल और क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे। इस संबंध में मेयर डॉक्टर शैली ओबरॉय ने एक्स पर तस्वीरें शेयर कर जानकारी दी है।

मेयर डॉक्टर शैली ओबरॉय ने ट्वीट कर कहा कि “आम आदमी पार्टी की निगम सरकार ने 13 साल से अटके पड़े सुल्तानपुरी अंडरपास का काम पूरा कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी है। नेता सदन मुकेश गोयल और क्षेत्रीय पार्षद के साथ आज सुल्तानपुरी रेलवे अंडरपास का उद्घाटन किया। इसके आज शुरू होने से आसपास के लोगों को जाम से राहत मिलेगी।”

उन्होंने आगे बताया कि “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फ्लाईओवर का भी कार्य जल्द पूरा किया जाए।” साथ ही उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि “निगम के सभी अटके पड़े प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। लोगों को अब और परेशानी नहीं होने देंगे।”