WAC 2023 में स्वर्ण पदक जीतने पर अरविंद केजरीवाल ने नीरज चोपड़ा को दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अगस्त 2023): नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 88.17 मीटर का थ्रो फेंक कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसी के साथ नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनके इस जीत पर देश भर से लोग उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी पार्टी के अन्य नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि “खिताब दोगुना, गौरव दोगुना। नीरज चोपड़ा ने भारत के लिए ओलंपिक और विश्व चैंपियन दोनों खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी के रूप में इतिहास रचा। एक उल्लेखनीय उपलब्धि जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। बधाई हो, नीरज चोपड़ा।”

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आतिशी ने ट्वीट में लिखा है, “भारत के गोल्डन बॉय ने इसे फिर से किया है! विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक के साथ इतिहास रचने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। आप भारत भर के लाखों खेल युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो अपनी प्रतिभा से देश को गौरवान्वित करने का सपना देखते हैं। सलाम!”

तो वहीं दिल्ली के पर्यावरण मंत्री कैलाश गहलोत ने एक्स पर ट्वीट कर स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “नीरज चोपड़ा ने हमें फिर गौरवान्वित किया! उत्कृष्ट प्रदर्शन (88.17 मीटर थ्रो) और उल्लेखनीय जीत के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई। आपका समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प वास्तव में सफल रहा है।”