Delhi: MCD स्कूलों बंद हुआ हेल्थ सर्विस, BJP ने AAP पर लगाया छात्रों की उपेक्षा का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (12/08/2023): बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा क्रांति का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी जब से दिल्ली नगर निगम सत्ता में आई है लगातार छात्र विरोधी निर्णय ले रही है। इस संदर्भ में दिल्ली भाजपा की महामंत्री एवं पार्षद कमलजीत सहरावत, मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर एवं दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने एक संयुक्त पत्रकार वार्ता कर दिल्ली नगर निगम द्वारा विशेष स्कूल हेल्थ सर्विस विभाग बंद कर उसको नगर निगम के सामन्य हेल्थ सेवाओं के साथ समन्वित करने की निंदा की है।

भाजपा नेताओं ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल सरकार एवं महापौर डॉ. शैली ओबेरॉय लगातार शिक्षा एवं छात्र सुविधाएं बढ़ाने की बड़ी-बड़ी घोषणायें करते हैं और विशेष स्कूल हेल्थ सर्विस बंद करने का गरीब छात्रों की उपेक्षा करता यह निर्णय केजरीवाल सरकार एवं दिल्ली नगर निगम की पोल खोल रहा है। कमलजीत सहरावत ने कहा है कि गत 30 जून, 2023 को बिना किसी घोषणा के दिल्ली नगर निगम ने स्कूल हेल्थ सर्विस विभाग को सामान्य हेल्थ सेवाओं के साथ जोड़ कर गरीब छात्रों पर कुठाराघात किया है।

कमलजीत सेहरावत ने कहा कि 4 अगस्त को एक ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दिल्ली नगर निगम ने सभी स्कूल हेल्थ सर्विस कर्मियों को सामान्य हेल्थ सेवाओं में समाहित कर दिया है। स्कूल वर्दी भत्ता घटाने और जातियता के आधार पर सामान्य वर्ग के छात्रों को वंचित करने के बाद दिल्ली नगर निगम का स्कूल हेल्थ सर्विस बंद करने का यह कुनिर्णय गरीब छात्रों के हितों पर कुठाराघात है।

प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि इसी के साथ ही महापौर डॉ. शैली ओबेरॉय एवं आम आदमी पार्टी की गरीब छात्र विरोधी शासन के चलते दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में पोक्सो एक्ट के अंतर्गत आवश्यक काउंसिलिंग भी गत 6 माह से बंद है। यह आश्चर्य का विषय है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक के हर विषय पर बोलने वाली दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष सुश्री स्वाति मालीवाल और दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग दोनों इस पर चुप हैं।

दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि केजरीवाल सरकार हो या महापौर शैली ओबेरॉय यह छात्रों को सुविधाएं देने के बड़े बड़े दावे करते हैं पर इनके शासन में दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग में स्थिति इतनी खराब हो चुकी है और छात्र एवं अध्यापक दोनों ही, दिल्ली नगर निगम नेताओं एवं अधिकारियों दोनों के मनमाने आदेशों से त्रस्त हैं। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि इस शैक्षणिक सत्र में अभी तक दिल्ली नगर निगम के 1534 स्कूलों में से लगभग 80 प्रतिशत स्कूलों में छात्रों के लिये हेल्थ शिविर नहीं आयोजित हुए हैं।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि हेल्थ शिविर न होने के कारण दिल्ली नगर निगम स्कूलों के लगभग 7 लाख छात्रों का हेल्थ चैकअप नहीं हुआ है। न ही विश्व स्वास्थ्य संगठन गाइडलाइंस के अनुसार छात्रों को दी जाने वाली आयरन टेबलेट बांटी जा रही हैं न ही उन्हें पेट के कीड़े मारने की दवा मिल रही है और न ही वार्षिक टीकाकरण हो रहा है।