केंद्रीय विद्यालयों में एडमिशन के लिए सांसद कोटा बहाल करने का कोई प्रस्ताव नहीं: केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 अगस्त 2023): देशभर के केंद्रीय विद्यालयों में एडमिशन के लिए सांसदों कोटा बहाल करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि केंद्रीय विद्यालयों में दाखिले के लिए संसद सदस्यों का कोटा फिर से शुरू करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने लोकसभा में अपने जवाब में कहा, ‘मौजूदा समय में केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए संसद सदस्यों के लिए कोटा को फिर से बहाल करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। केंद्रीय विद्यालय मुख्य रूप से रक्षा और अर्ध-सैन्य कर्मियों, केंद्रीय स्वायत्त निकायों, पीएसयू और केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थान सहित स्थानांतरणीय केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए खोले गए हैं।

इससे पहले विशेष प्रावधानों के तहत सांसदों के पास केंद्रीय विद्यालयों में 10 बच्चों के दाखिले की सिफारिश करने की विवेकाधानी शक्तियां थीं। केंद्र सरकार ने पिछले साल केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए सांसदों समेत अन्य कोटे को समाप्त कर दिया था। ऐसा करने का उद्देश्य केंद्रीय वित पोषित स्कूलों में 40,000 से अधिक सीटें खाली करना था। देश में 1,200 केंद्रीय विद्यालय हैं, जिसमें 14.35 लाख छात्र पढ़ते हैं।।