व्हीलचेयर पर राज्य सभा पहुचे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह , दिल्ली सेवा बिल वोटिंग में हुए शमिल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (08 अगस्त 2023): पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह राज्यसभा के महत्वपूर्ण सत्र में हिस्सा लेने व्हीलचेयर पर संसद पहुंचे। कांग्रेस ने इस मौके पर पीएम मोदी पर निशाना साधा। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मनमोहन सिंह की तस्वीर के साथ पीएम मोदी की तस्वीर पोस्ट की। उसे कैप्शन दिया- इंटिग्रिटी वर्सेज एस्केप यानी ईमानदारी बनाम भगोड़ापन।

भाजपा ने भी मनमोहन सिंह की तस्वीर शेयर की। इसमें पार्टी ने लिखा कि ये कांग्रेस की सनक है, जो स्वास्थ्य की ऐसी स्थिति में भी एक पूर्व प्रधानमंत्री को देर रात व्हीलचेयर पर बैठाए रखा वो भी सिर्फ अपना बेईमान गठबंधन जिंदा रखने के लिए।

राज्यसभा में सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा हो रही थी। यह विधेयक केंद्र सरकार को अधिकारियों और कर्मचारियों के कामों, नियमों और सेवा की अन्य शर्तों सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के मामलों के संबंध में नियम बनाने का अधिकार देता है। कांग्रेस पार्टी ने अपने सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया था। जिसमें उनसे सोमवार को राज्यसभा में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया था। कांग्रेस ने 4 अगस्त की एक व्हिप में कहा था कि ‘कल यानी सोमवार 7 अगस्त, 2023 को राज्यसभा में बहुत महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। ’

सोमवार को राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, आरजेडी समेत सभी विपक्षी दलों के सभी सदस्यों ने इस बिल का विरोध किया। केंद्र सरकार ने बीते मई के महीने में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश, 2023 जारी किया था। यह विधेयक दिल्ली सरकार में अधिकारियों के तबादलों और तैनाती के संबंध में जारी अध्यादेश का स्थान लेगा।।