दिल्ली के सीएम ने पीडब्ल्यूडी, डीजेबी एवं अन्य अधिकारियों को दिया धन्यवाद, पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर घटने लगा है। इससे लोगों को राहत मिलने लगी है। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य विभागों के सभी अधिकारियों और इंजीनियरों को धन्यवाद किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के मंत्री के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए सभी का धन्यवाद किया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “मैं दिल्लीवासियों को बचाने और जीवन को सामान्य स्थिति में लाने के लिए 24×7 काम करने के लिए PWD, DJB, सेना, NDRF, I&FC, नौसेना और अन्य विभागों के सभी अधिकारियों और इंजीनियरों को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं। उन सभी को सलाम! धन्यवाद!”

PWD मंत्री आतिशी ने ट्वीट कर कहा था कि “मुझे ये बताते हुए ख़ुशी है कि PWD की रात भर की मेहनत से लाल क़िले के पीछे के सड़क से पानी साफ़ हो गया है। अभी सड़क से मिट्टी और कीचड़ की सफ़ाई ही रही है। कुछ समय में यह सड़क ट्रैफिक के लिए खुल जाएगी।”

आपको बता दें कि सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर 205.58 मीटर दर्ज किया गया है। लेकिन अभी भी राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।