चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति समेत कई दिग्गज नेताओं ने ISRO को दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 चंद्रमा मिशन लॉन्च किया। वहीं चंद्रयान-3 के कक्षा में सफल प्रक्षेपण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई दिग्गज नेताओं ने ISRO को बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर ISRO को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में कहा कि “चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा। यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भरता है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि “भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित करते हुए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसरो टीम और वे सभी लोगों को बधाई जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अथक परिश्रम किया। यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चंद्र मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “भारत ने आज चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के साथ अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा शुरू की। इसरो के वैज्ञानिकों को मेरी हार्दिक बधाई, उनकी अथक खोज ने आज भारत को पीढ़ियों के लिए एक उल्लेखनीय अंतरिक्ष यात्रा की पटकथा लिखने की राह पर आगे बढ़ाया है।”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ट्वीट कर चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर ISRO को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “ऐतिहासिक चंद्रयान3 मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो को हार्दिक बधाई, जो दुनिया को भारत की तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा और चंद्र सतह के बारे में हमारी समझ का विस्तार करेगा। यह उल्लेखनीय मिशन हमारे वैज्ञानिकों की प्रतिभा और दृढ़ता का प्रमाण है, जो भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को लगातार नई ऊंचाइयां दे रहे हैं।”

आपको बता दें भारत के चंद्र मिशन के तहत चंद्रयान-3 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से शुक्रवार दोपहर 2.35 बजे लॉन्च किया गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 को लॉन्च किया है।5 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में चंद्रयान-3 प्रवेश करेगा। चंद्रयान-3 एक लैंडर, एक रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैस है। इसका वजन करीब 3,900 किलोग्राम है।