राहुल गांधी के पास है KTM390 बाइक, सुरक्षा कर्मी नहीं देते हैं सवारी करने की अनुमति

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 जुलाई 2023): कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के करोलबाग में मैकेनिक मार्केट में गए थे। इस दौरान उन्होंने मैकेनिक्स से बातचीत की थी और खुद बाइक की सर्विस भी की थी। इसकी तस्वीरें भी सामने आई थी। वहीं आज यानी रविवार को ट्विटर पर मोटरसाइकिल मैकेनिकों के साथ अपनी हालिया बातचीत का एक वीडियो शेयर किया है।

राहुल गांधी ने वीडियो को शेयर करते हुए इसे भारत जोड़ो यात्रा का नया पड़ाव बताया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “भारत के सुपर मैकेनिक – जिनके पाने से देश की तरक्की का पहिया चलता है! भारत जोड़ो का नया पड़ाव, करोल बाग़ की गलियां – जहां बाइकर्स मार्केट में, उमेद शाह, विक्की सेन और मनोज पासवान के साथ बाइक की सर्विसिंग की और मैकेनिक के काम को गहराई से समझा।” उन्होंने आगे कहा भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग को मज़बूत बनाने के लिए भारत के मैकेनिकों को सशक्त करने की ज़रूरत है।”

वहीं वीडियो में राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उनके पास एक KTM390 मोटरसाइकिल है, जो बिना इस्तेमाल के खड़ी है क्योंकि उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें उस पर सवारी करने की अनुमति नहीं देते हैं।।