चंद्रयान -3 को लेकर इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने दी अहम जानकारी, जानें कब तक होगा इसका प्रक्षेपण

टेन न्यूज नेटवर्क

दिल्ली (13 जून 2023): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने सोमवार को कहा कि अगर सभी परीक्षण सफल रहे तो चंद्रमा की सतह पर उतरने के भारत के महत्वाकांक्षी मिशन ‘चंद्रयान-3’ का 12 से 19 जुलाई के बीच प्रक्षेपण किया जाएगा।

कोथावारा सेंट जेवियर्स कॉलेज में इसरो ने एक दिवसीय कार्यशाला और अंतरिक्ष प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसके उद्घाटन के मौके पर पहुंचे इसरो प्रमुख सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान पहले ही यू आर राव उपग्रह केंद्र से श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में लॉन्च पैड पर पहुंच चुका है। अंतिम तैयारी चल रही है। इसे इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि लॉन्च के लिए रॉकेट एलवीएम-3 का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी असेंबलिंग चल रही है। इसके लिए सभी पुर्जे श्रीहरिकोटा पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, जून के अंतिम सप्ताह में चंद्रयान-3 को रॉकेट से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी और कई टेस्ट होंगे। सोमनाथ ने कहा, हमारे पास चंद्रयान-3 को रवाना करने के लिए 12 से 19 जुलाई के बीच एक विंडो है। इसी दौरान इसे लॉन्च करना होगा। वैसे हम इसे बाद में भी कर सकते हैं लेकिन उस स्थिति में ईंधन का बहुत नुकसान होगा। हालांकि लॉन्च इस विंडो में तभी किया जाएगा जब सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होंगे।।