दिल्ली: कैबिनेट मंत्री आतिशी का बढ़ा कद, अब जनसंपर्क विभाग की भी संभालेंगी जिम्मेदारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02/06/2023): दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में गुरुवार को फेरबदल किया गया है। कैबिनेट मंत्री आतिशी को एक अतिरिक्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह अब वर्तमान की जिम्मेदारी के अलावा जनसंपर्क विभाग की भी जिम्मेदारी संभालेगी। इससे पहले ये विभाग कैलाश गहलोत द्वारा संभाला जाता था। इसके अलावा अन्य मंत्रियों के विभाग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

वहीं अब जनसंपर्क विभाग को मिलाकर कैबिनेट मंत्री आतिशी के पास कुल 9 विभाग हो गए हैं। जिनमें महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा विभाग, शिक्षा विभाग, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, पर्यटन विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और जन सम्पर्क विभाग शामिल हैं।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंत्रिमंडल में इस समय कुल मिलाकर 6 मंत्री हैं, जिसमें गोपाल राय, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत, राज कुमार आनंद, सौरभ भारद्वाज और आतिशी शामिल हैं। वहीं आतिशी दिल्ली सरकार के मंत्री मंडल में शामिल इकलौती महिला मंत्री हैं।।