मनोनीत पार्षदों की वोटिंग को अरविंद केजरीवाल ने बताया असंवैधानिक, बीजेपी ने साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06/01/2023): दिल्ली मेयर चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के बीच हंगामा हुआ जिसकी वजह से MCD सदन स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के द्वारा मनोनीत किए गए दस सदस्यों को पहले शपथ दिलाने को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच हंगामा हुआ। इसे लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में लगे हुए हैं।

वहीं अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संविधान का अनुच्छेद 243R का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया है। उन्होंने मनोनीत पार्षदों की वोटिंग को असंवैधानिक बताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “संविधान का अनुच्छेद 243R स्पष्ट रूप से मनोनीत सदस्यों को सदन में मतदान करने से रोकता है। उन्हें सदन में वोट दिलाने की कोशिश असंवैधानिक है।”

तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के नेता सुनील यादव ने अरविंद केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि “अरविंद जी संविधान देश के हर नागरिक के लिए होता है लेकिन आपने अपने और आम आदमी पार्टी के गुंडों के लिए अपना खुद का अलग से संविधान बना रखा है। आपकी संविधान विरोधी और आलोकतान्त्रिक मानसिकता का सबूत आपके गुंडे पार्षद दिखा रहे हैं।”