विराट कोहली ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (8 नवंबर 2022): विराट कोहली को लंबे समय के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की तरफ से कोई अवॉर्ड मिला है। उन्हें अक्टूबर 2022 के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया हैं। इस सम्मान के लिए चुने जाने के बाद विराट ने टीम इंडिया के अपने साथी खिलाड़ियों को शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मेरे लिए अक्टूबर माह का ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। दुनिया भर के प्रशंसकों और पैनल द्वारा स्टैंडआउट खिलाड़ी के रूप में चुने जाने से यह सम्मान मेरे लिए और भी खास हो जाता है।

7 नवंबर को ICC ने मेंस और वुमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का ऐलान किया। विराट कोहली को मेंस कैटेगरी और पाकिस्तान की निदा डार को वुमेंस कैटेगरी में महीने का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है। विराट के बल्ले से अक्टूबर के महीने में जमकर रन निकले। पिछले महीने विराट ने 4 मैचों में 2 अर्धशतक जड़े, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी सबसे खास थी।

बता दें कि विराट कोहली अब तक ICC क्रिकेटर ऑफ द डिकेड, ICC ओडीआई क्रिकेटर ऑफ द डिकेड, ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर, ICC ओडीआई प्लेयर ऑफ द ईयर, ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। इनमें से कई अवॉर्ड को तो विराट कोहली ने एक से ज्यादा बार अपने नाम किया है।