गुजरात में ‘आप’ की सरकार बनी तो राजनीति छोड़ दूंगा : भाजपा सांसद का ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (6 नवंबर 2022): उत्तर प्रदेश के कैसरगंज के भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि अगर चुनाव बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात में सरकार बना ली तो हमसे आकर मिल लेना, मैं उसी दिन राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग मोदी जी को अपना गौरव मानते हैं, उनके प्रति लोगों में बहुत आस्था है।

पिछले दिनों देवरिया के असनहर गांव में पूर्व विधायक स्वर्गीय प्रमोद सिंह के पुण्यतिथि कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में चुनाव में आम आदमी पार्टी बहुत दम लगा रही है। उन्होंने कहा कि जहां तक गुजरात की बात है, मोदी जी को लोग वहां अपना गौरव मानते हैं क्योंकि मोदी जी ने वहां काम किया है। मैं भी पहले वहां गया था। वहां के लोगों के मोदी जी के प्रति आस्था और लगाव है।

केजरीवाल को सबसे पहले दिल्ली में कांग्रेस का समर्थन मिला, वहां पर वे कांग्रेस का वोट ले गए। इसके बाद पंजाब में भी कांग्रेस का ही वोट ले गए क्योंकि भाजपा की स्थिति पंजाब में बेहतर नही थी। गुजरात में भी केजरीवाल कांग्रेस का ही नुकसान कर रहे हैं।