कांग्रेस ने दिव्यांग जनों की समस्याओं को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर किया हमला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/09/2022): ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु में दिव्यांग जनों से मुलाकात किया। इस दौरान दिव्यांग जनों ने राहुल गांधी से कई समस्याओं का जिक्र किया है। जिसमें नौकरियों में समान अवसर नहीं मिल रहे और देश में उनकी संख्या कितनी है इसका कोई ठोस आंकड़ा नहीं जैसे अन्य समस्या शामिल हैं। इस बात की जानकारी कांग्रेस ने अपने ऑफिशल टि्वटर हैंडल से ट्वीट करके दिया है।

कांग्रेस ने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार देश में 2.8 करोड़ दिव्यांग हैं। यानी न्यूजीलैंड, सिंगापुर, कतर और यूएई की कुल आबादी जोड़ दें, तो इससे ज्यादा दिव्यांग भारत में हैं। हालांकि, दिव्यांग जनों का दावा है कि उनकी संख्या आबादी के 10% के बराबर है, जो कि 13-14 करोड़ के आस पास है।

कांग्रेस ने जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा कि दिव्यांग जन अपने उपकरण पर जीएसटी वसूले जाने से भी नाखुश हैं। मोदी सरकार बैसाखी, व्हीलचेयर, वॉकिंग फ्रेम, ट्राइसाइकिल, ब्रेल पेपर, ब्रेल टाइपराइटर और ब्रेल घड़ियों पर 5% जीएसटी लेती है। वहीं, कई उपकरण पर 12% और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कारों पर 18% जीएसटी लेती है।

कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार से सवाल करते हुए जवाब मांगा है कि मोदी जी, सिर्फ ‘दिव्यांग’ शब्द का प्रयोग कर आप अपनी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ सकते। आपकी निर्दयी सरकार और लुटेरी टैक्स नीतियों ने उनका जीवन बेहद मुश्किल बना दिया है। आखिर दिव्यांगजनों से उनका स्वाभिमान और आत्मसम्मान छीनने का हक आपको किसने दिया? जवाब दीजिए।