5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है भारत: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12/09/2022): भारतीय सेना की ओर से आज सोमवार को आर्मी लॉजिस्टिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस आयोजन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने हिस्सा लिया‌। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हमारा देश दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में दुनिया इस तरह जुड़ी है जैसा पहले कभी नही था। इसमें भी रसद और आपूर्ति श्रृंखला की बड़ी भूमिका है। हम दुनिया के एक हिस्से में बैठकर दूसरे हिस्से की जानकारी प्राप्त करने के साथ कोई सामान भी मंगवा सकते हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि किसी देश की अर्थव्यवस्था को और ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक मजबूत, सुरक्षित और त्वरित रसद आपूर्ति प्रणाली एक महत्त्वपूर्ण आवश्यकता होती है। आज हमारा देश दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में देश में रसद को एकीकृत करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण नीतियां तैयार की हैं।

इस बीच सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा कि युद्ध केवल सेनाओं के बीच नहीं होते हैं, वे पूरे देश का प्रयास बने रहते हैं। युद्ध राष्ट्रीय लचीलापन का परीक्षण करते हैं और देश के संसाधनों और क्षमताओं को बढ़ाते हैं। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष इसका एक उपयुक्त उदाहरण है।